पाकिस्तान: रबवाह में अहमदिया मस्जिद पर हमला, चार घायल, एक हमलावर ढेर
पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के रबवाह शहर में शुक्रवार को अहमदिया समुदाय की एक मस्जिद पर हुए हमले में चार लोग घायल हो गए, जबकि जवाबी कार्रवाई में एक हमलावर मारा गया।
अहमदिया समुदाय के प्रवक्ता ने बताया कि गोल बाज़ार क्षेत्र में स्थित ‘बैत अल-महदी’ इबादतगाह पर उस वक्त हमला हुआ, जब लोग इबादत में व्यस्त थे। एक हथियारबंद व्यक्ति ने मस्जिद में घुसने की कोशिश की, लेकिन वहां तैनात स्वयंसेवकों ने उसे रोक दिया। इस दौरान हुई मुठभेड़ में चार लोग घायल हो गए।
चिनिओट के चेनाब नगर पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने बीबीसी उर्दू को बताया कि घटना के समय मस्जिद में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। चार हमलावर एक वाहन में पहुंचे, जिनमें से एक ने उतरकर गोलीबारी शुरू कर दी। अहमदिया स्वयंसेवकों की जवाबी कार्रवाई में एक हमलावर मारा गया, जबकि उसके तीन साथी फरार हो गए।
डीपीओ चिनिओट अब्दुल्ला अहमद ने पुष्टि की कि हमले को नाकाम कर दिया गया और हमलावर को मार गिराया गया। स्थानीय प्रशासन ने गोल बाज़ार और आसपास के क्षेत्रों की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। प्रवेश और निकास मार्गों को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है, और बाकी संदिग्धों की तलाश जारी है।

Comments
Post a Comment