ग़ज़ा में युद्धविराम: क्या है ताज़ा स्थिति और इसराइली सेना की वापसी का हाल?

इसराइल और हमास के बीच हुए युद्धविराम समझौते के पहले चरण की शुरुआत हो चुकी है।
अमेरिकी विशेष दूत स्टीव विटकॉफ़ के अनुसार, इसराइली सेना ने शुक्रवार दोपहर 12 बजे तक ‘येलो लाइन’ तक अपनी पहली चरण की वापसी पूरी कर ली है। इसके साथ ही 72 घंटे की समयसीमा शुरू हो गई है, जिसमें ग़ज़ा में बचे 48 इसराइली बंधकों को रिहा किया जाना है।
इसराइल का अनुमान है कि इन बंधकों में से करीब 20 लोग अभी जीवित हैं। समझौते के तहत इसराइल ने 250 फ़लस्तीनी कैदियों की सूची भी जारी की है, जिन्हें रिहाई दी जाएगी।
युद्धविराम लागू होने के बाद से उत्तरी ग़ज़ा की ओर बड़ी संख्या में फ़लस्तीनी लोग लौट रहे हैं। समझौते में यह भी सहमति बनी है कि ग़ज़ा में बिना किसी शर्त के मानवीय सहायता भेजी जाएगी। हालांकि, अभी तक सहायता ट्रकों के प्रवेश की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। अनुमान के मुताबिक, प्रतिदिन लगभग 600 ट्रक ग़ज़ा में प्रवेश करेंगे।
Comments
Post a Comment